सपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रेहान खान ने मुख्यमंत्री से पार्क प्रशासन द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लेने की मांग की है। उनको नामजद करते हुए करीब ढाई सौ लोगों के खिलाफ पार्क प्रशासन ने हाल ही में कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान रेहान खान ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की और उन्हें बताया कि दुधवा के कर्मियों की हड़ताल के दौरान उन्होंने इसका विरोध जताते हुए विरोध प्रदर्शन और रोड जाम की थी। मौके पर पहुुंचे एसडीएम को उनको संबोधित एक ज्ञापन देकर इसे समाप्त कर दिया था।
ज्ञापन में दुधवा के पर्यटन को शुरू कराने की मांग की गई थी और इसमें कहा था कि दुधवा का पर्यटन बंद होने से जहां पार्क को राजस्व का नुकसान हो रहा है वहीं पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसके बाद पार्क प्रशासन ने उनको नामजद करते करीब ढाई सौ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुकदमा वापस कर दोषी अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। रेहान खान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की जानकारी कर उन्हें मुकदमा वापस कराने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।