फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में सपा की दमदार जीत

Sun, 07 Feb 2016 11:20 PM IST
लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले के 15 में से पांच सीटों पर रविवार की सुबह से ब्लाक प्रमुख पद के लिए मतदान कराया गया। इनमें मोहम्मदी, निघासन, पलिया और ईसानगर ब्लाक की सीट पर सपा के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की, वहीं पसगवां में भाजपा सांसद रेखा वर्मा की मां उर्मिला कटियार चुनाव जीत गईं। इस तरह जिले में सपा के 14 ब्लाक प्रमुख बन गए हैं। इनमें एकल नामांकन होने की दशा में 10 प्रत्याशियों का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनना शनिवार को ही तय हो गया था। जिले की 14 सीटों पर दमदार जीत से सपा के खेमे में उत्साह का माहौल है।
विज्ञापन


बागी प्रत्याशियों पर भारी पड़े सपा प्रत्याशी
सत्तारूढ़ दल सपा से बगावत कर मोहम्मदी, निघासन और पलिया ब्लाक में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। तीनों ब्लाकों में सपा के प्रत्याशी काफी वोटों से चुनाव जीते। मोहम्मदी में सपा प्रत्याशी आशीष रस्तोगी को 67 तो बागी प्रत्याशी जयकरन को 43 वोट ही मिले। पलिया में सपा प्रत्याशी महेश राही को 101 तो बागी प्रत्याशी देवेंद्र गट्टू को महज 11 वोट ही मिले। इसी तरह निघासन में भी सपा प्रत्याशी प्रेमपति को 119 वोट मिले तो बगावत कर चुनाव लड़ने वाली पूनम देवी को महज 17 वोट से ही संतोष करना पड़ा।

पलिया में ब्लाक प्रमुख पद पर सपा का कब्जा बरकरार
पलियाकलां। पलिया में ब्लाक प्रमुख पद पर एक बार फिर सपा का कब्जा बरकरार रहा। यहां पार्टी प्रत्याशी महेश राही को 101 मत मिले वहीं पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले विरोधी प्रत्याशी देवेंद्र कुमार गट्टू को सिर्फ 11 वोट ही मिल पाए। मतगणना में एक मत निरस्त घोषित किया गया।
विज्ञापन

ब्लाक प्रमुख पद की सीट एससी/एसटी श्रेणी के लिए आरक्षित थी। सपा ने यहां महेश कुमार राही को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। महेश के नामांकन के बाद ही पार्टी से बगावत कर देवेंद्र कुमार गट्टू ने भी नामांकन करा दिया। पलिया में 114 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, लेकिन सपा उम्मीदवार महेश दो जगह से चुने गए थे, इसलिए मतदाताओं की संख्या 113 रह गई थी। दोपहर करीब एक बजे यहां 83 वोट पड़ गए थे, जबकि आखिरी वोट दोपहर दो बजे पड़ा और फिर मतपेटी को सील कर दिया गया। दोपहर तीन बजे मतगणना हुई। जिसमें एक मत निरस्त घोषित किया गया। महेश के विजयी होते ही समर्थकों की भारी भीड़ ब्लाक में उमड़ पड़ी और फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके बाद समर्थकों ने ढोल नगाड़ों से उनकी जीत का जश्न मनाया। रंग गुलाल उड़ाते हुए सपा नेताओं ने उन्हें जीत की बधाई दी। बता दें कि इससे पूर्व भी पलिया ब्लाक प्रमुख पद पर सपा नेता गुरुप्रीत सिंह जार्जी काबिज थे। इस दौरान एसडीएम आलोक वर्मा, सीओ रामासरे सिंह, एसओ केपी सिंह, एसएसआई केएन सिंह समेत संपूर्णानगर की पुलिस भी तैनात रही।

मोहम्मदी में आशीष को 67, जयकरन को 43 वोट मिले
मोहम्मदी। ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी आशीष रस्तोगी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और सपा से बागी हुए जयकरन बाजपेई को 24 मतों से हराया।
मोहम्मदी ब्लाक के 116 मतों में से 113 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने वोट डाला। इनमें तीन मत निरस्त कर दिए गए। मतगणना के दौरान सपा प्रत्याशी आशीष को 67, जबकि जयकरन वाजपेई को 43 मत प्राप्त हुए। इस दौरान चुनाव अधिकारी ओपी गुप्ता, बीडीओ एके सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। आशीष रस्तोगी के जीतने पर सपाइयों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और जीत पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। इस मौके पर सगीर आलम, रामकैलाश यादव, लक्ष्मण गुप्ता, करन यादव, अब्बास नकवी, इंद्रबहादुर सिंह, जमाल मंसूरी, गौरव पाठक, अकरम सिद्दीकी, इस्माइल खां, रिंकू प्रधान, नरेंद्र रस्तोगी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

पसगवां में भाजपा प्रत्याशी उर्मिला कटियार ने पछाड़ा
जंगबहादुरगंज/पसगवां। पसगवां में ब्लाक प्रमुख पद की प्रतिष्ठा पूर्ण लड़ाई में आखिरकार भाजपा प्रत्याशी और सांसद रेखा वर्मा की मां उर्मिला कटियार ने बाजी मार ली। मतगणना के बाद मिले परिणामों से सत्तापक्ष के प्रत्याशी को मुंह की खानी पड़ी।
मतगणना में भाजपा प्रत्याशी उर्मिला कटियार को 89 मत मिले, जबकि सपा प्रत्याशी विनोद यादव को 46 तथा निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद उमर को एक भी वोट नहीं मिला। इस दौरान एक वोट निरस्त कर दिया गया, जबकि एक वोट नहीं पड़ा। मतगणना के बाद उर्मिला कटियार ने 43 मतों से जीत दर्ज की। उनके चुनाव जीतने के बाद सांसद रेखा वर्मा और उर्मिला कटियार को बधाई देने वाले कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। मतगणना के दौरान ब्लाक मुख्यालय पर भाजपा और सपा पक्ष के तमाम पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी का माहौल रहा।

निघासन में सपा प्रत्याशी प्रेमपति 119 वोटों से जीते  
निघासन। ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में सपा उम्मीदवार प्रेमपति ने प्रतिद्वंद्वी पूनम देवी को 119 वोटों के अंतर से हराया। प्रेमपति को 136 और पूनम देवी को मात्र 17 वोट हासिल हुए। सुबह 11 बजे से तीन बजे तक चले मतदान के दौरान 160 में से 159 वोट पड़े। एक वोट नहीं पड़ा, जबकि छह वोट अवैध घोषित कर दिए गए।
मतदान के लिए परिसर के बाहर गेट से लेकर भीतर तक काफी संख्या में पुलिस बल लगाया गया था। वहां लगे पुलिसकर्मियों ने वोट डालने के लिए आए क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रमाण पत्र चेक किए और वोटर लिस्ट में लगे फोटो से मिलान भी किया। इसके बाद ही उनको अंदर प्रवेश दिया गया। निरक्षर और विकलांग वोटरों के लिए सहायक भी दिया गया था। तीन बजे तक चली पोलिंग के बाद मतगणना शुरू की गई। इस दौरान पर्यवेक्षक अनिल कुमार ने वहां पहुंचकर जायजा लिया। करीब आधा घंटा चली मतगणना के बाद एआरओ डॉ. शिवकुमार ने परिणाम की घोषणा की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विधायक केजी पटेल, जिला पंचायत सदस्य अमनदीप सिंह, अशोक शर्मा, राकेश बाथम आदि सपा नेताओं ने प्रेमपति को बधाई दी और फूल-मालाएं पहनाकर गाजे-बाजे के साथ कस्बे में जुलूस निकाला।

ईसानगर में भारी मतों से जीतीं सपा प्रत्याशी मंजूलता
धौरहरा। ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव के लिए रविवार को सुबह आठ बजे से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ब्लाक मुख्यालय पर मतदान शुरू करा दिया गया। दोपहर करीब तीन बजे कुल 103 वोट पड़ गए। तीन बजे के बाद यहां चुनाव अधिकारियों की निगरानी में मतगणना प्रारंभ हुई। मतगणना में सपा प्रत्याशी मंजूलता को 89 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी अनीता गौतम को सिर्फ 12 वोट ही मिल पाए। इस दौरान दो वोट निरस्त कर दिए गए। चुनाव अधिकारियों ने जैसे ही मंजूलता को विजेता घोषित किया गया तो सपा कार्यकर्ताओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाने के साथ सपा प्रत्याशी को जीत की बधाई।
विज्ञापन


जिले के निर्विरोध नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुखों की सूची
1. लखीमपुर-रूबी वर्मा सपा
2. नकहा-कल्याणी गुप्ता सपा
3. फूलबेहड़-अशिता यादव सपा
4. बेहजम-अनिल वर्मा सपा
5. मितौली-रामखेलावन सपा
6. कुंभी/गोला-प्रतिभा सिंह सपा
7. बिजुआ-प्रीतेंद्र सिंह सपा
8. बांकेगंज-ज्ञानवती सपा
9. रमियाबेहड़-आरती देवी सपा
10. धौरहरा-पूनम चौधरी सपा

मतदान में सपा ने चार और भाजपा ने एक सीट जीती
11. मोहम्मदी-आशीष रस्तोगी सपा
12. निघासन-प्रेमपति सपा
13. पलिया-महेश कुमार राही सपा
14. ईसानगर- मंजूलता सपा
15. पसगवां-उर्मिला कटियार भाजपा

कुल ब्लाक 15  
14 सीट पर सपा जीती
एक सीट पर भाजपा जीती
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें