मंडलायुक्त एवं निर्वाचक नामावली प्रेक्षक भुवनेश कुमार ने बुधवार को जिले का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पहले मितौली तहसील का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने निर्वाचन कार्यालय की प्रगति देखी। इसके बाद पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। इसके बाद लखीमपुर तहसील का निरीक्षण किया और निर्वाचन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। शाम को कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग की अपील की।
मंडलायुक्त ने सदर तहसील में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र जाकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैमुअल पाल एन से तहसील क्षेत्र में विधानसभाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदाता पंजीकरण केंद्र में उपस्थित डाटा इंट्री आपरेटर के पहचान पत्र का आयोग की वेबसाइट से सत्यापन कराया। मंडलायुक्त ने प्रारूप छह और नौ के बारे में पूछताछ की। इसके बाद कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सभी एसडीएम, बीडीओ एवं तहसीलदारों के साथ मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से बैठक की, जिसमें डीएम आकाशदीप, एडीएम उमेश नारायन पांडेय मौजूद रहे। उन्होंनें कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम आकाशदीप ने कहा कि निरीक्षण एवं बैठक में प्राप्त निर्देशों का सभी अधिकारी समयबद्ध तरीके से पालन करेंगे।
मितौली। मंडलायुक्त भुवनेश कुमार ने मितौली तहसील का निरीक्षण किया। तयशुदा कार्यक्रम में फेरबदल से वह लखनऊ से सीधे मितौली पहुंचे। उन्होंने एसडीएम मंशाराम वर्मा और तहसीलदार आशुतोष गुप्ता के साथ बैठक कर तहसील क्षेत्र में चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने तहसील के निर्वाचन कार्यालय में जमा हुए फार्म छह की संख्या और पोलिंग बूथों पर ड्यूटी कर रहे बीएलओ की जानकारी ली। इसके बाद तहसील के अभिलेखागार का अवलोकन किया। इसी दौरान अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजीव मिश्रा की अगुवाई में वकीलों ने ज्ञापन संौप कर सब रजिस्टार कार्यालय खोलने और नायब तहसीलदार की नियुक्ति कराने की मांग की है। मितौली में करीब आधा घंटा रुकने के बाद उन्होंने कस्ता के बूथ संख्या 162, 163, 164, 165, 166 और महिला मतदाता मेला देखा।
मितौली तहसील को रिकार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश
मोहम्मदी से कटकर मितौली तहसील के बनने के बाद अब तक मितौली को मोहम्मदी से रिकार्ड नहीं मिला है। मंडलायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए एडीएम उमेश नारायण पांडेय को शीघ्र रिकार्ड तहसील मितौली में स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए।