लखीमपुर खीरी। शहर की सरस्वती देवी कॉलोनी निवासी दाताराम वर्मा पर उनके बेटे पंकज वर्मा ने जमीन अपने नाम कराने के विवाद में लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया।
दाताराम वर्मा ने बताया कि उनका पुत्र पंकज अक्सर मारपीट और प्रताड़ित करता है। आरोप है कि वह लगातार जमीन अपने नाम लिखवाने का दबाव बना रहा था। मना करने पर वह जान से मारने की धमकी देता था। मंगलवार को भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद पंकज ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दाताराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जिला अस्पताल भेजा। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच एसआई डिंपल कुमार को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।