समाजवादी पेंशन योजना के तहत जनपद में अभी लाभार्थियों की फीडिंग का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इस बीच जिला समाज कल्याण अधिकारी रणजीत सिंह आकस्मिक छुट्टी पर चले गए हैं। लक्ष्य 76,615 के सापेक्ष 74278 लाभार्र्थियों की ऑनलाइन फीडिंग हुई है। उनके अचानक अवकाश पर जाने के चलते डीएम किंजल सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रमुख सचिव को स्थिति से अवगत कराने के साथ किसी अन्य अधिकारी को चार्ज देने की मांग के लिए प्रभारी सीडीओ को निर्देश दिए हैं।
बता दें कि डीएम ने एक सप्ताह पहले समीक्षा के दौरान समाजवादी पेंशन योजना के पेंडिंग कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए थे। इसके लिए दो दिन की समय सीमा निर्धारित की थी, लेकिन कई ब्लाकों से सूचना उपलब्ध न कराए जाने के चलते कार्य पूरा नहीं हो सका था। इसके बाद डीएम ने कुछ ब्लाकों के बीडीओ का वेतन बाधित किया था। फिर भी हालात में विशेष सुधार नहीं हुआ। दिसंबर 2014 तक फीडिंग कार्य पूरा कराया जाना था, लेकिन फरवरी बीतने को है। अभी भी 2337 लाभार्थियों का डेटा फीडिंग होना शेष है। जबकि 41 हजार लाभार्र्थियों को पहली किस्त मिली है। बताते चलेें कि पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी का चार्ज भी समाज कल्याण अधिकारी के पास है। ऐसे में उनके अचानक अवकाश पर चले जाने से डीएम ने नाराजगी जताते हुए समाज कल्याण अधिकारी का पूरा ब्यौरा तलब कर लिया है। डीएम ने प्रमुख सचिव को वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश प्रभारी सीडीओ डॉ. दिनेश सिंह को निर्देश दिए हैं।
प्रभारी सीडीओ/पीडी डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्वास्थ्य खराब होने के चलते अवकाश पर जाने की बात कही है, जिसके संबंध में डीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र दिया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।