काका दुखीराम मौर्य मार्ग का लोकार्पण करतीं पूर्व सभासद चंद्रावतीस्रोत-नगर पंचायत
मैलानी। नगर पंचायत की ओर से मोहल्ला पुराना बाजार में बनवाए गए मार्ग का नामकरण कर समाजसेवी रहे काका दुखीराम मौर्य मार्ग रख गया। इस मार्ग का लोकार्पण उनकी पत्नी पूर्व सदस्य चंद्रावती ने किया।
मोहल्ला पुराना बाजार के पूर्व सदस्य रहे स्वर्गीय काका दुखीराम मौर्य की पहचान नगर में खांटी समाजसेवी के रूप में थी। उस समय जब प्राइमरी स्कूलों में बैठने के लिए टाट-पट्टी तक नहीं होती थी, तब वह लोगों से चंदा करके कई स्कूलों में टाट-पट्टी का इंतजाम किया करते थे। इसके अलावा कई निर्धन कन्याओं की शादी में भी उन्होंने चंदे के सहयोग से करवाईं। उनकी समाजसेवा से प्रभावित होकर एक बार उन्हें जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया था।
नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी ने बताया कि उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए बड़ी बाजार में बने मार्ग का नाम काका दुखीराम मौर्य मार्ग रखा गया है। लोकार्पण के मौके पर अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी, काका के पुत्र मौजूदा सदस्य सूरज मौर्य, समाजसेवी भवानी शंकर माहेश्वरी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गुरमीत कौर, मोहम्मद उमर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
काका, उनकी पत्नी और अब पुत्र है सदस्य
काका नगर पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़े। केवल नामांकन के अलावा उन्होंने एक भी पैसा खर्च नहीं किया, लेकिन उनकी समाजसेवा से प्रभावित होकर मोहल्ला पुराना बाजार के लोगों ने उन्हें अपना सदस्य चुना। अगली बार उनकी पत्नी चंद्रावती भी बिना फालतू खर्च के सदस्य बनीं और मौजूदा समय में उनका पुत्र सूरज मौर्य सदस्य हैं।