लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसका मोबाइल फोन छीनने के बाद उसके डाटा का दुरुपयोग कर फर्जी आईडी बनाई गई और उसे ब्लैकमेल किया गया। आरोप है कि फोटो से छेड़छाड़ कर उसकी शादी भी तुड़वा दी गई। पुलिस से मदद न मिलने पर पीड़िता ने कोर्ट का सहारा लिया, जिसके आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, 31 जनवरी, 2026 की शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी चाची के साथ बाजार गई थी। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। इसकी सूचना उसने परिजनों के साथ कोतवाली सदर पुलिस को दी। कुछ दिनों बाद उसके मोबाइल डाटा का दुरुपयोग कर उसी के नाम से फर्जी आईडी बना दी गई, जिस पर उसकी फोटो लगाकर उसका गलत इस्तेमाल किया गया। पीड़िता का आरोप है कि जांच-पड़ताल के दौरान इस मामले में अवनीश वाजपेई का नाम सामने आया। आरोपी ने उसकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उसे ब्लैकमेल किया और उसकी शादी तुड़वा दी। इतना ही नहीं आरोपी ने फोटो एडिट कर खुद को जोड़ते हुए न्यायालय में एक भ्रामक वाद भी दायर किया, जिसमें पीड़िता और उसके होने वाले पति को पक्षकार बनाया गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी देकर धन उगाही का प्रयास कर रहा है। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद