लखीमपुर खीरी। भारत से नेपाल सामान ले जा रहे नौ लोगों को एसएसबी की 70वीं वाहिनी ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात सीमा स्तंभ संख्या 692 के पास घेराबंदी कर कपड़ों और हार्डवेयर की खेप बरामद की गई। तस्करी में इस्तेमाल चार बाइक और पांच साइकिलें भी जब्त की गईं।
एसएसबी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 13 अक्तूबर की रात करीब 10:40 बजे सीमा चौकी बरदिया की नाका पार्टी को भारत से नेपाल की ओर बड़ी मात्रा में सामान ले जाए जाने की सूचना मिली। इस पर विशेष नाका दल ने अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 692 से करीब 200 मीटर भारत की ओर घेराबंदी की।
रात के अंधेरे में कुछ संदिग्ध दोपहिया वाहनों से सामान सीमा पार ले जाने की कोशिश कर रहे थे। सीमा प्रहरियों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में कपड़े और हार्डवेयर का सामान मिला।
एसएसबी ने बरामद सामान, जब्त वाहनों और सभी नौ आरोपियों को सीमा शुल्क कार्यालय (कस्टम), मिहींपुरवा को सौंप दिया।
नूडल्स में छिपाकर लाई जा रही थी चरस, महिला गिरफ्तार
गौरीफंटा। भारत-नेपाल सीमा से सटे बनगवां गांव के पास मोहाना नदी घाट पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने 982 ग्राम चरस के साथ नेपाली महिला को गिरफ्तार किया। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे जिला अदालत भेज दिया गया।
39वीं वाहिनी एसएसबी के उप कमांडेंट विजेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को संयुक्त टीम ने मोहाना नदी घाट की ओर से आ रही संदिग्ध महिला को चाउ-चाउ नूडल्स की पेटी देखकर रोका। तलाशी में पेटी के अंदर छिपाए गए पैकेटों से 982 ग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुशीला शाह पत्नी खैरू शाह, निवासी वार्ड नंबर 7, जलेश्वर, जिला महोत्तरी (हाल पता: वार्ड नंबर 2, धनगढ़ी उपमहानगर पालिका, जिला कैलाली, नेपाल) बताया। संवाद