धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के नांहू पुरवा गांव में पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर दुर्लभ प्रजाति के दोमुहा सांप रेड सेंड बोवा (संरक्षित) के साथ एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौका पाकर एक आरोपी भाग गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव ने बताया की सूचना पर कफारा चौकी इंचार्ज लाल बहादुर मिश्रा और वन क्षेत्राधिकारी अनिल शाह की टीम ने वन दरोगा सत्य प्रकाश वर्मा और ऋषभ प्रताप सिंह के साथ कोतवाली क्षेत्र के गांव नांहू पुरवा निवासी जगदीश पुत्र पैकरमा कोरी के घर पर छापा मारकर उनके घर से मिहींलाल पुत्र श्री कृष्ण पासी निवासी सिकटिया थाना इमलिया सुल्तानपुर जिला सीतापुर, जगतपाल गौतम पुत्र फूलचंद्र गौतम निवासी सूची थाना खीरी और किरण पत्नी कमल किशोर गौतम निवासी सिकटिया थाना इमलिया सुल्तानपुर जिला सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि गृह स्वामी जगदीश पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से तीन दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सेंट बोवा, चार मोबाइल, 410 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।