पलिया तहसील में नारेबाजी करते अधिवक्ता। संवाद
पलियाकलां। पलिया बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का प्रशासन के खिलाफ रोष लगातार जारी है। शुक्रवार को एसडीएम व नायब तहसीलदार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। साथ ही तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार को हटाए जाने की मांग की।
बता दें कि बीते दिनों ही प्राइवेट कर्मचारियों व वर्षों से जमे सरकारी कर्मचारियों को हटाए जाने की मांग अधिवक्ता कर रहे हैं। इसके अलावा न्यायालयों में लंबित मामलों में हीलाहवाली करने और लगातार सालों से फाइलों पर कोई आदेश न आने का विरोध जताते हुए अधिवक्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। इसको लेकर एक ज्ञापन भी एसडीएम न्यायिक को दिया गया था।
इसके बाद अब अधिवक्ताओं ने लगातार प्रशासन का विरोध करने की बात कहते हुए रोष जताने का कार्य शुरू किया है। इसी में शुक्रवार को एसडीएम व नायब तहसीलदार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जुलूस निकालते हुए प्रदर्शन किया और उसके बाद अपने कार्य पर लौट गए। यहां एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मेनरो, महामंत्री बनारसी लाल, विष्णु शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी, शिवा सक्सेना, दीपक पांडेय समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।