एक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट में दोनों नाम स्रोत : सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक चुनाव के दौरान हुआ थप्पड़ कांड सोशल मीडिया के जरिये पूरे देश में गूंज रहा है। फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुपों में पिटाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एक्स (ट्विटर) पर भी ट्रेंडिंग में है।
अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंध समिति के नामांकन के समय सदर विधायक योगेश वर्मा से मारपीट का वीडियो एक्स (ट्विटर) पर जमकर वायरल हो रहा है। एक्स की टॉप ट्रेंडिंग में योगेश वर्मा नाम चौथे नंबर पर है। इसमें नौ हजार से अधिक पोस्ट किए गए हैं। कई लोगों ने इस वीडियो को साझा किया है।
विधायक को थप्पड़ मारने वाले अवधेश सिंह का नाम ट्रेंडिंग लिस्ट में नौवें स्थान पर हैं। इन पोस्ट में अवधेश सिंह का नाम हाईलाइट किया गया है। बैंक चुनाव नाम की पोस्ट 24 वें नंबर पर है। 1800 से अधिक लोगों ने बैंक चुनाव के नाम से पोस्ट की है। इसमें खीरी के बवाल पर तरह-तरह की बातें लिखी गई हैं।
व्हाट्सएप ग्रुपों में दौड़ रहा वीडियो
मारपीट का वीडियो फेसबुक और व्हाट्सएप पर भी छाया है। लोगों ने अपनी तरह से इसे पोस्ट किया है। व्हाट्सएप ग्रुपों पर भी इस वीडियो को अधिक से अधिक साझा किया जा रहा है। वीडियो के जरिये लोग पुलिस-प्रशासन पर भी निशाना साध रहे हैं।