पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क में दक्षिण सोनारीपुर रेंज में चल रही गैंडा परियोजना में गैंडों की गणना में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार छह गैंडों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिससे पार्क प्रशासन में खुशी हैं।
आसाम से आए गैंडा विशेषज्ञ डॉ. अमित शर्मा के मार्गदर्शन में बीते दिनों पार्क क्षेत्र में सात टीमों द्वारा गैंडा गणना का कार्य किया गया है। जिसमें वार्डेन प्रदीप कुमार वर्मा, धर्मेंद्र द्विवेदी, डॉ. सम्राट मंडल का भी सहयोग रहा है। पार्क के डीडी डॉ. रंगाराजू टी ने बताया कि दक्षिण सोनारीपुर रेंज के गैंडा परिक्षेत्र एक व बेलरायां रेंज के गैंडा परिक्षेत्र दो में टीमों द्वारा गणना का कार्य किया गया। जिसमें इस साल गणना के अनुसार पार्क में 46 गैंडे मिले हैं।
जिसमें नौ नर, 22 मादा, चार अपव्यस्क व 11 गैंडा एक से तीन वर्ष की आयु के हैं। पिछले वर्ष की अगर बात करें तो गैंडों की कुल संख्या 40 पाई गई थी। इस बार छह गैंडों की बढ़ोतरी हुई है। गैंडा गणना के बाद संकलित विष्ठा को विश्लेषण के लिए वन्यजीव संस्थान देहरादून भेजा गया है। जिसका परिणाम तीन माह में प्राप्त होंगे। बताया कि पार्क में गैंडों की निगरानी के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके चलते ही इस बार गैंडों की संख्या बढ़ी है।