फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: आधी रात छह झोंपड़ियों में लगी आग, जिंदा जल गए भाई-बहन

विज्ञापन
विज्ञापन
महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। खीरी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर खुर्द गांव में बुधवार रात छह झोंपड़ियों में आग लग गई। इसमें भाई-बहन जिंदा जल गए। भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बहन ने अस्पताल में दम तोड़ा। उन्हें बचाने की कोशिश में पिता गंभीर रूप से झुलस गया। उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। अन्य घरों में सो रहे लोग वक्त रहते निकल आए लेकिन सभी का पूरा घरेलू सामान नष्ट हो गया।
विज्ञापन

आग सबसे पहले मजदूरी करने वाले रामपाल (45) पुत्र चंद्रिका की झोंपड़ी में करीब डेढ़ बजे लगी। हमेशा की तरह रामपाल अपनी पत्नी के साथ एक खाट पर सोए थे जबकि दूसरी खाट पर उसके तीन बच्चे अंकित (09), अंजलि (15) और अमित (07) सोए थे। रामपाल की आंख उस वक्त खुली जब छप्पर का जलता हुआ हिस्सा उसके ऊपर गिरा। हड़बड़ाहट में उठे रामपाल ने बच्चों को उठाने की कोशिश की, लेकिन तभी लपटों से घिरे छप्पर का बड़ा हिस्सा उसके बेटे अंकित पर गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटी अंजलि भी झुलस गई। परिवार को बचाने में रामपाल भी बुरी तरह झुलस गए। पत्नी यशोमती किसी तरह अमित को बचाकर बाहर ले गई। आग ने तब तक आस-पास के पांच घरों को भी चपेट में ले लिया। शोर मचा तो उन झोंपड़ियों में सो रहे लोग हड़बड़ा कर बाहर भागे।
लोगों की सूचना पर दमकल को पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया। तब तक आग ने छह परिवारों को तबाह कर दिया। पांच झोंपड़ियों में रहने वालों को शारीरिक क्षति तो नहीं पहुंची लगी लेकिन रामपाल के साथ-साथ उनके घरों का राशन-कपड़े सहित सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। अंजलि और रामपाल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां कुछ देर बाद अंजलि ने दम तोड़ दिया। रामपाल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। उनकी पत्नी यशोमती और बेटा अमित भी झुलसा लेकिन इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार सुबह पहुंचे अफसर, राहत सामग्री दी
अग्निकांड की सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा, एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह समेत पूरा प्रशासनिक अमला रुद्रपुर खुर्द गांव पहुंचा। पीड़ितों से बात कर सांत्वना दी। साथ ही जल्द ही सहायता राशि दिलवाने का आश्वासन दिया। डीएम ने पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री सहित त्रिपाल, कंबल प्रदान किए। उधर, एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह ने बताया कि कुल छह घर जले हैं। पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता प्रदान की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें