मझगईं। लोधपुरवा में चल रहे डॉ. मो. हसन स्मारक नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट के छठे लीग मुकाबले में मझगईं बी-इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टांडा इलेवन को नौ विकेट से हरा दिया। मुकाबले में शुभम की विस्फोटक बल्लेबाजी आकर्षण का केंद्र रही।
रविवार को खेले गए मैच में टांडा इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम की ओर से निसार अहमद ने 24 और महेश ने नौ रन बनाए। इसके बाद कर्मपाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों में 31 रन जड़ दिए। एक समय टीम का स्कोर चार ओवर में 50 रन पहुंच गया था।
मझगईं बी-इलेवन के गेंदबाज राजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में दो रन देकर तीन विकेट झटके। इसके बाद टांडा इलेवन की टीम 12 ओवर में आठ विकेट पर 102 रन ही बना सकी।
103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मझगईं बी-इलेवन ने सात ओवर में एक विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। टीम की ओर से शुभम ने 26 गेंदों में नाबाद 75 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और सात छक्के लगाए। शानदार प्रदर्शन के लिए शुभम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस दौरान अंपायर अखलाक हुसैन, डॉ. जुबेर, मुईद राजा, अफजल हुसैन और इमरान समेत तमाम खेलप्रेमी मौजूद रहे।