खेल महोत्सव में कबड्डी में पसीना बहाते खिलाड़ी। संवाद
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खेल महोत्सव सीजन-2 के तीसरे दिन क्रिकेट, कबड्डी और हॉकी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के अंदर जज्बा दिखा। शानदार प्रदर्शन के बल पर खिलाड़ियों ने पुरस्कार जीते।
नगर पालिका लखीमपुर व क्रीड़ा भारती की ओर से शहीद नसीरुद्दीन मेमोरियल मैदान में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में माही इलेवन और ऑफिशियल इलेवन के बीच खेले गए मुकाबले में माही टीम ने 106 रनों से जीत दर्ज की। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज सौरभ कुमार, गेंदबाज करण और क्षेत्ररक्षक लवकुश रहे। मैन ऑफ द मैच आनंद प्रकाश बने। दूसरे मैच में डाबला इलेवन ने डेंजर बॉयज को 144 रनों से हराया। इसमें विराट को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़, वैभव को गेंदबाज़, आकाश को क्षेत्ररक्षक और मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कबड्डी में जूनियर बालिका वर्ग में युवराज दत्त कॉलेज ने आर. इंडियन पब्लिक स्कूल निघासन को पराजित किया। बालक वर्ग के फाइनल में बेहड़ा लाल टीम मितौली ने डॉ. रवि मेमोरियल टीम को हराकर खिताब जीता।
हॉकी प्रतियोगिता गुरु नानक स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित हुई, जहां विभिन्न अंडर-14 व अंडर-17 वर्गों में लालपुर स्टेडियम और गुरु नानक स्पोर्ट्स अकादमी ने जीत दर्ज की।
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सदर विधायक योगेश वर्मा व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नगर पालिका की जेई समरा सईद, क्रीड़ा भारती और खेल महोत्सव से जुड़े अनेक पदाधिकारी व अन्य लोग मौजूद रहे।
खेल महोत्सव में कबड्डी में पसीना बहाते खिलाड़ी। संवाद