लखीमपुर खीरी। सख्त निर्देश के बाद भी परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण न करने वाले अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सात एसडीएम सहित 73 अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं।
परिषदीय स्कूलों की दशा सुधारने व शैक्षणिक योग्यता की निगरानी करने के लिए प्रत्येक अफसरों को हर माह पांच-पांच परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण करने का लक्ष्य है लेकिन अधिकांश लोगों ने ध्यान नहीं दिया। बिजुआ, कुंभी, लखीमपुर मोहम्मदी, नकहा, पलिया पसगवां, फूलबेहड़, रमियाबेहड़ के खंड विकास अधिकारी ने निरीक्षण नहीं किया। वहीं, बिजुआ, धौरहरा, ईसानगर, कुंभी, लखीमपुर, मोहम्मदी, नकहा, निघासन, पलिया, फूलबेहड़ के सीएचसी अधीक्षकों की भी लापरवाही सामने आई।
धौरहरा, ईसानगर, कुंभी, बांकेगंज, बेहजम, बिजुआ, लखीमपुर, मितौली, मोहम्मदी, नकहा, निघासन, पलिया, पसगवां, फूलबेहड़ और रमियाबेहड़ के स्कूलों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार को दी गई थी।
बांकेगंज, बेहजम, धौरहरा, ईसानगर, कुंभी, लखीमपुर, नकहा, पलिया, पसगवां, फूलबेहड़ के एडीओ पंचायत ने भी पूरे महीने निरीक्षण नहीं किया। डीएम ने निर्देश दिए कि जिन अफसरों ने निरीक्षण का लक्ष्य पूरा नहीं किया, वे स्पष्टीकरण में वजह बताए, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।