हैदराबाद पुलिस पर चोरों को संरक्षण देने का आरोप
सपा विधायक समेत कई दलों के नेता भी गांव पहुंचे
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव अजान में पुलिस की निष्क्रियता से बढ़ रही चोरी की घटनाओं के विरोध में दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों ने नारेबाजी की और अपनी दुकानें दिन भर बंद रखीं। दुकानदारों ने हैदराबाद पुलिस पर चोरों के संरक्षण का आरोप भी लगाया है, क्योंकि पुलिस ने किसी घटना का खुलासा नहीं किया हैै। प्रदर्शन के दौरान सपा विधायक विनय तिवारी समेत विपक्षी दलों के नेता भी गांव पहुंचे, जिससे एकाएक माहौल सियासी हो गया।
एक पखवाड़े में अजान निवासी राकेश कुमार श्रीवास्तव के घर में हुई लाखों की चोरी, किराना दुकान में चोरी का प्रयास, राकेश वर्मा की मोबाइल दुकान में चोरी, यूसुफ की बैटरी दुकान में चोरी, एएनएम सेंटर और होम्योपैथिक अस्पताल के ताले टूटने की घटना में से किसी का खुलासा पुलिस ने नहीं किया। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज दुकानदारों ने व्यापार मंडल के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में एकत्र होकर हैदराबाद पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की। दिन भर दुकानें बंद रखीं। दुकानदारों ने पुलिस पर चोरों से रकम लेकर छोड़ने का भी आरोप लगाया। उन्होंने चोरी के माल सहित चोर पकड़ने तथा रात्रि गश्त में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की मांग की। विधायक विनय तिवारी मौके पर पहुंचे और हर संभव मदद का आश्वासन दिया, लेकिन दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं खोली। बसपा नेता कमलेश वर्मा ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पुलिस की भर्त्सना की। भाजपा नेता अरविंद गिरि ने दुकानदारों के बीच बैठक कर उनकी बात सुनी। दुकानदारों ने उन्हें कल दुकान खोलने का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक ने चोरी की घटनाओं का 10 दिन में खुलासा न होने पर 15 अप्रैल को हैदराबाद थाने का समर्थकों सहित घेराव करने की चेतावनी दी है। प्रधान प्रतिनिधि अनुमोद वर्मा ने पुलिस की निष्क्रियता और घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र खुलासे की मांग की।
एसओ विश्वनाथ यादव ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में उन्हें मायूस होकर वहां से लौटना पड़ा। प्रदर्शन में प्रेमचंद, राकेश वर्मा, अर्जुनलाल राठौर, विपेंद्र वर्मा, मुबारक, इबरार अली, जितेंद्र कुमार, पंकज वर्मा, राजकुमार वर्मा, दुलार सिंह, रामगोपाल जायसवाल, गफूर अली, जसकरन शामिल रहे।