मृतक शिक्षामित्र मनोज का फाइल फोटो
बेहजम। प्राथमिक विद्यालय लोहटा में तैनात शिक्षामित्र मनोज जायसवाल का संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में शव मिला।
नीमगांव की बेहजम चौकी के भरेहटा गांव निवासी 42 वर्षीय मनोज जायसवाल प्राथमिक विद्यालय लोहटा में शिक्षामित्र पद पर तैनात थे। ग्राम पंचायत भरेहटा में बीएलओ का काम देखते थे। परिजनों के अनुसार मनोज मंगलवार की शाम करीब सात बजे घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि गांव के ही कुछ लोग उसे बुलाने आए थे। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो बुधवार की सुबह मनोज के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, जो कि सुआ गाड़ा तालाब के पास मिली। परिजन तालाब के पास पहुंचे। मनोज का मोबाइल और कपड़े, तौलिया तालाब के पास पड़ा मिला। मनोज का शव तालाब के पानी में उतराया मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के बयान लिए। मृतक के पिता भारत प्रसाद ने बताया कि बेटा मनोज गांव के ही लोगों के बुलाने पर घर से गया था। कुछ लोगों ने तीन महीने से मानदेय न मिलने की बात भी कही। बीईओ देवेश राय ने बताया कि ऐसी कोई समस्या नहीं थी। मानदेय समय से भेजा जाता था। थानाध्यक्ष नीमगांव अजीत कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की बात आई है।
मृतक शिक्षामित्र मनोज का फाइल फोटो