लखीमपुर खीरी। नगर पालिका परिषद शहरवासियों से कूड़ा उठाने के नाम पर यूजर चार्ज वसूलेगी। गरीब परिवारों से इस शुल्क में छूट दी जाएगी। पालिका प्रशासन ने खाली प्लाट में गंदगी और कूड़ा डालने वाले 25 लोगों को नोटिस जारी किए हैं।
नगर पालिका में दूसरी बोर्ड बैठक के दौरान कुछ वार्डों के सभासदों ने कूड़ा कलेक्शन के नाम पर होने वाली वसूली का मुद्दा उठाया था। साथ ही एक प्रस्ताव बनाकर बोर्ड बैठक में अध्यक्ष को भी सौंपा था। बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष डाॅ. इरा श्रीवास्तव ने कुछ सभासदों के साथ बैठक कर एलान किया कि सभी से कूड़ा कलेक्शन के नाम पर लिए जाने वाला शुल्क बंद नहीं होगा। इस पर सभासदों का विरोध जारी है।
डाॅ. इरा ने कहा कि 2017 में कूड़ा कलेक्शन का चार्ज वसूलने के लिए शासन ने नियम बनाया था, उसी को लेकर यूजर चार्ज लिया जा रहा है। कहा कि शुल्क में कुछ लोगों को राहत भी दी गई है। जमीन पर सामान बेचने वाले छोटे दुकानदारों से आधा शुल्क लिया जाएगा। वृद्धापेंशन पाकर गुजारा करने वाले, सैनिक परिवार के लोग, जिन महिलाओं के घर में कमाने वाला नहीं है उन परिवारों से नगर पालिका कलेक्शन शुल्क नहीं लेगी।
वहीं, सभासदों का कहना है कि गृहकर और जलकर इसी बात का लिया जाता है कि उस कर से शहरवासियों को सड़क, सफाई और प्रकाश की सुविधा मिल सके। यदि अब कूड़ा कलेक्शन भी वसूला जाएगा, तो ऐसे परिवारों पर दोहरी मार पड़ेगी।