लखीमपुर खी। शहर के जीआईसी मैदान में बृहस्पतिवार को शहनाई बजेगी। लखीमपुर नगर पालिका के अलावा आठ ब्लॉक के कुल 482 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। बुधवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठकर यातायात व्यवस्था, रूट प्लान, डायवर्जन, खानपान और वाहन पार्किंग का खाका तैयार किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए प्रभारी मंत्री आशीष पटेल मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति विवाह पर सरकार की तरफ से 51 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से 35 हजार रुपये विवाह बंधन में बंधने जा रही कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। 10 हजार रुपये उपहार व शेष राशि अन्य व्यवस्थागत खर्चों के मद में है।
उन्होंने बताया कि जीआईसी मैदान में 16 दिसंबर को भी 402 नव दंपति परिणय सूत्र बंधन में बंधेंगे। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि विवाह स्थल तक जोड़ों को समय से लाने की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम सचिव की होगी। सभी जोड़े 9:30 बजे तक विवाह स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं। इसे सभी खंड विकास अधिकारी स्वयं मॉनिटर करेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि 14 दिसंबर को बॉकेगंज, धौरहरा, ईसानगर, गोला, लखीमपुर, मितौली, मोहम्मदी, फूलबेहड़ के 482 जोड़ों और 16 दिसंबर को बेहजम, बिजुआ, नकहा, पसगवां, रमियाबेहड़, निघासन, पलिया के 402 जोड़ों का विवाह जीआईसी ग्राउंड में होगा।