पलियाकलां। शारदा नदी के जलस्तर में आखिरकार गिरावट देखी जा रही है। लेकिन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से अभी भी ऊपर बह रहा है। बोझवा गांव में ठोकर नंबर एक के पास नदी का पानी चल रहा है। जबकि इमलिया फार्म जाने वाली रोड पर भी पानी भरा हुआ है। श्रीनगर गांव से पानी कम हुआ है। बरूआ कलां और जंगल नंबर सात में अभी भी नदी कटान कर रही है।
बता दें कि बीते कई दिनों से लगातार बढ़ रहे शारदा नदी के जलस्तर में दो दिनों से गिरावट देखी जा रही है। जल आयोग की मानें तो नदी का जलस्तर खतरे के निशान से अभी भी ऊपर है। लेकिन नदी लगातार घट रही है। रविवार को शाम पांच बजे तक शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 154.100 सेमी से 32 सेमी ऊपर 154.420 सेमी पर बह रहा था। उधर नदी का पानी बोझवा में ठोकर नंबर एक के पास चल रहा है। जबकि इमलिया फार्म जाने वाले रास्ते पर भी पानी भरा हुआ है। नदी लगातार तेजी से बरूआ कलां तथा जंगल नंबर सात में कटान कर रही है। जिससे खेतिहर इलाके जलमग्न हैं।
मझगईं उफनाई शारदा का पानी कई गांवों के खेतिहर इलाके में भरने के साथ रास्तों पर भी कई फिट पानी चल रहा है। रास्ते पर भरे बाढ़ के पानी में से लोग जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं। कस्बे के नौगवां से नयापुरवा, दुबहा, खालेपुरवा आदि गांवोंभ को जाने वाले रास्ते पर करीब चार से पांच फिट पानी चल रहा है। विष्णुपुर गुरुद्वारा से काफी दूर तक भरे बाढ़ के पानी में से लोग जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टरों पर बैठकर निकल रहे हैं। गांवों से स्टेट हाईवे पर आने वाला एक मात्र रास्ता होने के चलते लोग जान की परवाह न कर अपने गंतव्य को जा रहे हैं। बाढ़ का पानी गांव के आसपास खेतों में भी भरा हुआ है।