अमीरनगर। कस्बा अमीरनगर निवासी किसान जनीफ मियां के पुत्र शादाब खान का चयन अमेरिका की प्रतिष्ठित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में मास्टर्स करने के लिए हुआ है। शादाब वहां शिक्षा नीति और विश्लेषण कार्यक्रम में पढ़ाई करेंगे।
शादाब खान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दून पब्लिक स्कूल दिलावरपुर मोहम्मदी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अशोका यूनिवर्सिटी, सोनीपत (दिल्ली) में पढ़ाई की, जहां उन्हें पूर्ण छात्रवृत्ति पर प्रवेश मिला। अशोका यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान उन्हें नए विचारों, वैश्विक दृष्टिकोण और उदार शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति को समझने का अवसर मिला।
शादाब को इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार की पहल युवा संगम का हिस्सा बनने का भी अवसर मिला था। वर्ष 2018 में उन्हें इस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित भी किया था।
पढ़ाई के दौरान शादाब की रुचि शिक्षा नीति, समानता और शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे विषयों में बढ़ी। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए उन्हें हार्वर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ एजुकेशन से शिक्षा नीति और विश्लेषण कार्यक्रम में प्रवेश का प्रस्ताव मिला।
बड़े भाई जलीश खान ने बताया कि शादाब का सपना स्कूलों में व्यक्तिगत और अनुकूलनशील अधिगम के माध्यम से डिजिटल विभाजन को कम करना है, ताकि बेहतर शासन व्यवस्था के साथ छात्रों को उनकी जरूरत के अनुसार सहयोग मिल सके।