शहर में राहत पर ग्रामीण इलाकों में कटौती बढ़ी
भीषण गर्मी में शहर और ग्रामीण इलाकों में आपात कटौती से जनजीवन बेहाल है। हालांकि शहर में तो गनीमत है, लेकिन देहात क्षेत्रों में 18 की जगह मुश्किल से 14 घंटे बिजली मिल पा रही है। वहीं उपभोक्ताओं का कहना है कि इस बार गर्मी में बिजली आपूर्ति काफी मिली, लेकिन पिछले एक सप्ताह से कटौती बढ़ गई है। वहीं गोला, बांकेगंज, निघासन, मितौली, मैगलगंज, धौरहरा इलाकों में हर पांच मिनट के अंतराल में होने वाली ट्रिपिंग और आपात कटौती के चलते लोगों को 18 की जगह 14 घंटा बिजली नहीं मिल पा रही है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है।
बांकेगंज। इन दिनों दिन और रात के तापमान में अंतर घट जाने से गर्मी में लगातार इजाफा हो रहा है। इस दौरान बिजली न मिलने से इस समय पड़ रही गर्मी में परेशान ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्र में रोस्टर के मुताबिक मिलने वाली सप्लाई के दौरान ट्रिपिंग, ब्रेक डाउन, लोकल फॉल्ट और आपात कटौती से गर्मियों में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बुधवार बारह बजे के लगभग बिजली मिली। इसके एक घंटे बाद बिजली फिर चली गई। इस दौरान बिजली आती जाती रही। सारे दिन बिजली की आवाजाही का सिलसिला जारी रहने से लोग गर्मी से परेशान रहे। इससे परेशान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकरियों से बांकेगंज इलाके की बिजली सप्लाई दशा में सुधार की मांग की है।
ममरी। गोला ममरी वाया रोशननगर फीडर लाइन क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली की आंख मिचौली से परेशान हैं। कसबे की इलाहाबाद बैंक कर्मियों, थाना हैदराबाद के पुलिस कर्मियों, साधन सहकारी समिति ममरी, गोविंदापुर, बरगदिया आदि गांवों उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली सप्लाई का कोई भरोसा नहीं है, प्रत्येक घंटे में कई बार ट्रिपिंग होने से उन्हें काफी असुविधा हो रही है। उधर लाइनमैन राजेश कुमार का कहना है लाइन की फाल्ट ठीक करने के लिए हाइडिल से ब्रेक डाउन लेना पड़ता है।
बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन
बरवर। कस्बा बरवर में अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज के विरोध में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विद्युत सब स्टेशन पर धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन चौकी प्रभारी अतुल कुमार को सौंपा। व्यापार मंडल के सदस्यों ने बुधवार सुबह अघोषित बिजली की कटौती के चलते सब स्टेशन बरवर का घेराव किया, व्यापार मंडल के प्रदर्शन को देखते हुए सब स्टेशन पर तैनात बिजली कर्मचारी मौका पाकर भाग गए। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अतुल कुमार ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष रफीक खां, आकाश सोनी, हिमांशु सोनी, नानू गुप्ता, सुफियान, अलीम बेग, सुनील सेठ, बबलू, आफाक, दयाराम, अर्पित, कमलेश, मुजीब, वलीउल्ला, संजीत सहित तमाम व्यापारी किसान मौजूद रहे।