भ्रष्टाचार विरोधी संघर्ष समिति अधिवक्ता संघ उत्तर प्रदेश तथा लोक जागरण जनाधिकार मंच सहित विभिन्न संगठनों ने शहीद दरोगा मनोज मिश्र हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए सीबीआई जांच की मांग की।
यूपी बार कौंसिल के सदस्य और पूर्व चेयरमैन अजय शुक्ला ने कहा कि दरोगा मनोज मिश्र गोतस्करों के खिलाफ अभियान छेड़ेे हुए थे जबकि गोतस्कर को पुलिस उच्चाधिकारियों का संरक्षण प्राप्त था। घटना के बाद साथी पुलिस कर्मियों द्वारा घायल मनोज मिश्र को 15 किलोमीटर पर बरेली जिला मुख्यालय न ले जाकर 35 किलोमीटर दूर राममूर्ति अस्पताल ले जाया गया तथा घटना की रिपोर्ट 16 घंटे बाद दर्ज की गई। इसके अलावा भी कई ऐसे बिंदु हैं जिनसे सीबीआई जांच की आवश्यकता है। धर्मेन्द्र सिंह सूर्यवंशी ने बताया कि यह आंदोलन की शुरुआत है सीबीआई जांच होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान नरेंद्र वर्मा, बाबूराम राजवंशी, अजना पांडेय, मशकूर अली, आशा रास्तोगी, ताज खंा, राजकिशोर पांडे, जमीरूल हसन, विजय शुक्ला, सुधा शर्मा, रामकिशोर मिश्र, अबरार अहमद, अरविंद तिवारी, नत्थालाल सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।