लखीमपुर खीरी में पलियाकलां के ग्राम बड़ा पतवारा में रविवार को मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरी। इस हादसे में खेत में काम कर रहे सात ग्रामीण बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लखीमपुर खीरी में पलियाकलां के ग्राम बड़ा पतवारा में रविवार को मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरी। इस हादसे में खेत में काम कर रहे सात ग्रामीण बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
बारिश से बचने के लिए ये ग्रामीण एक पेड़ के नीचे खड़े थे। तभी अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से वहां खड़े सभी लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की। शिवम निषाद (21), दीपक निषाद (14), अमित निषाद (18), अर्जुन निषाद (16), अमित निषाद (24) और सूरज निषाद (18) को पलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद इनकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर है। एक अन्य युवक वरुण निषाद (19) को परिजन निजी अस्पताल ले गए।
विज्ञापन
प्रशासन की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम पुष्पक तोमर पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल-चाल जाना और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। एसडीएम ने उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने प्रशासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। यह सहायता दैवी आपदा राहत योजना के तहत दी जाएगी।
रविवार को क्षेत्र में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई थी। ग्रामीण खेतों में काम कर रहे थे और खुद को भीगने से बचाना चाहते थे। इसी दौरान वे पास ही स्थित एक पेड़ की छांव में जाकर खड़े हो गए। तभी अचानक बिजली गिरने से यह हादसा हो गया।