लखीमपुर खीरी। रीवैंप योजना के तहत सोमवार को शहर के कई मोहल्लाें में सात घंटे बिजली कटौती की गई। बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली विभाग की ओर से रीवैंप योजना के तहत शहर में बिजली के नए तारों को डालने और ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य चल रहा है। इस वजह से रोजाना कई मोहल्लों में रोस्टर के अनुसार कटौती की जा रही है। सोमवार को मोहल्ला नई बस्ती, लालता चक्की निकट गढ़ी पावर हाउस, सेठ घाट चौराहा, फत्तेपुर बगिया, बुखारीटोला, पंजाबी कॉलोनी, छाउछ, गोटैयाबाग, पिपरिया शिव मन्दिर, पॉलिटेक्निक के पास नौरंगाबाद में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सात घंटे लगातार बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को भी 10 मोहल्लों का रोस्टर है। इसमें आयुष नर्सिंग होम के पास, शिवपुरी काॅलोनी, दुर्बल आश्रम, बाबूराम सराफनगर, हनियों टोला, राजगढ़, गैस प्लांट के पास, उदयपुर, मंजू त्यागी वाली गली, मीरपुर प्यारेपुर में सुबह सात घंटे की कटौती रहेगी। एक्सईएन शैलेंंद्र कुमार ने बताया कि रीवैंप योजना के तहत होने वाले कार्य उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए कराए जा रहे हैं। काम पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को फाॅल्ट से छुटकारा मिलेगा।