लखीमपुर खीरी। जनपद की आठ विधानसभा सीटों के लिए चौथे चरण में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा, जिससे प्रत्याशियों के पास चुनाव प्रचार के लिए दो दिन का समय बचा है। इससे प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। सात प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च का ब्योरा नहीं दिया है, जिससे उन्हें नोटिस जारी की गई है। चुनाव प्रचार में रकम खर्च करने के मामले में भाजपा, सपा के प्रत्याशी सबसे आगे हैं, जबकि बसपा और कांग्रेस प्रत्याशी भी लाखों रुपये खर्च कर चुके हैं। निर्दलीय व क्षेत्रीय दलों ने भी चुनाव प्रचार में हजारों रुपये खर्च किए हैं।
श्रीनगर विधानसभा से बसपा प्रत्याशी मीरा बानो, कांग्रेस प्रत्याशी चांदनी, असंख्य समाज पार्टी प्रत्याशी महावीर सिंह, आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी सटल्लू, लखीमपुर विधानसभा से कम्यूनिस्ट प्रत्याशी जनार्दन प्रसाद, कस्ता विधानसभा से रिपब्लिकन पार्टी प्रत्याशी गयादत्त और निर्दलीय प्रत्याशी जगदीश प्रसाद ने चुनाव प्रचार में हुए खर्च का ब्योरा नहीं दिया है। इससे वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि चुनाव प्रचार का ब्यौरा देने के लिए तिथियां पूर्व में निर्धारित कर दी गई थीं, लेकिन सात प्रत्याशियों ने सूचना नहीं दी है। इसलिए सातों प्रत्याशियों को नोटिस जारी किया गया है। शेष अन्य प्रत्याशियों ने दो चरणों में किए गए चुनाव प्रचार का ब्यौरा उपलब्ध कराया है।
भाजपा प्रत्याशी योगेश वर्मा ने सबसे अधिक 10,57,430 रुपये खर्च किए
पलिया विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी हरविंदर कुमार उर्फ रोमी साहनी ने 9,59,176 रुपये, सपा प्रत्याशी प्रीतिइंदर सिंह ने 7,30,664 रुपये, बसपा प्रत्याशी डॉ. जाकिर हुसैन ने 6,63,034 रुपये, कांग्रेस प्रत्याशी रिसाल अहमद ने 7,64,358 रुपये खर्च किए हैं। निघासन विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी शशांक वर्मा ने 7,43,920 रुपये, सपा प्रत्याशी आरएस कुशवाहा ने 6,88,260 रुपये, बसपा प्रत्याशी आरए उस्मानी ने 6,44,879 रुपये, कांग्रेस प्रत्याशी अटल कुमार ने 8,07,361 रुपये खर्च किए हैं। गोला विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी अरविंद गिरि ने 9,94,626 रुपये, सपा प्रत्याशी विनय तिवारी ने 10,17,937 रुपये, बसपा प्रत्याशी शिखा कनौजिया ने 3,70,060 रुपये, कांग्रेस प्रत्याशी प्रह्लाद पटेल ने 5,98,284 रुपये खर्च किए हैं।
श्रीनगर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी मंजू त्यागी ने 8,59,813 रुपये, सपा प्रत्याशी रामसरन ने 2,52,555 रुपये खर्च किए हैं। धौरहरा विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी विनोद शंकर अवस्थी ने 4,31,100 रुपये, सपा प्रत्याशी वरुण सिंह ने 8,04,855 रुपये, बसपा प्रत्याशी आनंद मोहन त्रिवेदी ने 3,54,979 रुपये, कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्री देवी ने 2,48,202 रुपये खर्च किए हैं।
लखीमपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी योगेश वर्मा ने 10,57,430 रुपये, सपा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा ने 2,93,384 रुपये, बसपा प्रत्याशी मोहन वाजपेयी ने 6,43,784 रुपये, कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रविशंकर त्रिवेदी ने 3,81,377 रुपये व्यय किए हैं। कस्ता विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी सौरभ सिंह सोनू ने 7,76,405 रुपये, सपा प्रत्याशी सुनील कुमार लाला ने 6,77,210 रुपये, बसपा प्रत्याशी हेमवती राज ने 4,54,622 रुपये, कांग्रेस प्रत्याशी राधेश्याम ने 5,85,207 रुपये खर्च किए हैं। मोहम्मदी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह ने 1,77,450 रुपये, सपा प्रत्याशी दाउद अहमद ने 10,09,709 रुपये, बसपा प्रत्याशी शकील अहमद सिद्दीकी ने 3,57,492 रुपये, कांग्रेस प्रत्याशी रीतू सिंह ने 1,04,415 रुपये खर्च किए हैं।