पूर्व सांसद जफर अली नकवी ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर खीरी टाउन रेलवे स्टेशन पर रैक लोडिंग प्वांइट सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
रेलमंत्री को भेजे पत्र में पूर्व सांसद ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ और इज्जतनगर मंडल के ऐशबाग से पीलीभीत स्टेशन पर पहले छोटी लाइन की रैक लोडिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। लखीमपुर स्टेशन से मात्र छह किलोमीटर की दूरी पर खीरी स्टेशन के सामने और पीछे पर्याप्त रैक लोडिंग सुविधा के लिए भूमि उपलब्ध है। मौजूदा समय में लखीमपुर नगर की फर्टिलाइजर, नमक और सीमेंट सीतापुर से सड़क परिवहन से आती है। लखीमपुर से सीतापुर मालगोदाम की दूरी करीब 50 किलोमीटर है।
पत्र में पूर्व सांसद जफर अली नकवी ने कहा कि लखीमपुर रेलवे स्टेशन जिला लखीमपुर-खीरी के मुख्यालय का स्टेशन है। यह कृषि प्रधान क्षेत्र भी है। लखीमपुर खीरी जिले में सरकारी और गैरसरकारी नौ चीनी मिलें हैं। इसके अलावा भारतीय खाद्य निगम का भंडारण भी यहीं होता है।
उन्होंने कहा कि लखीमपुर स्टेशन पर मीटर गेज में जब रैक की सुविधा उपलब्ध थी उस समय भारतीय खाद्य निगम गेहूं, चावल और चीनी दूसरे प्रदेशों को सीधे भेजता है। आमान परिवर्तन में अब यह सुविधा लखीमपुर में नहीं हो पा रही थी। पड़ोस का खीरी टाउन स्टेशन आमान परिवर्तन से रैक लोडिंग सुविधा के लिए पर्याप्त है। लखीमपुर के व्यापारी और भारतीय खाद्य निगम यह सुविधा खीरी टाउन स्टेशन से पा सकते हैं। यही मांग व्यापारियों और खाद्य निगम और चीनी मिलों की है।
उन्होंने मांग की कि आमान परिवर्तन में खीरी टाउन स्टेशन का हाल्ट कर दिया गया है। इसे रेलवे स्टेशन ही रहने दिया जाए। उन्होंने रेल मंत्री से मांग की कि खीरी टाउन रेलवे स्टेशन पर रैक लोडिंग सुविधा आमान परिवर्तन के साथ ही कराएं। उन्होंने यह पत्र रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को भी भेजा है।