लखीमपुर खीरी। परिषदीय स्कूलों में 31 अक्तूबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन अवकाश होने के चलते एक नवंबर से परीक्षाएं शुरू हो सकीं। विभाग की तरफ से परीक्षा को लेकर बजट न मिलने के चलते अध्यापकों ने शिलापट पर प्रश्न लिखे, जिसका उत्तर बच्चों ने उत्तर पुस्तिकाओं पर दर्ज किया। स्कूल के अध्यापकों का कहना है कि परीक्षा कापियां खरीदने के लिए अपने पास से धनराशि खर्च करनी पड़ी है।
अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर हाल ही में शासन की तरफ आए आदेश के बाद अध्यापकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अध्यापकों को अपने स्तर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं संपन्न कराने के निर्देश जारी किए गए थे। वैसे तो हर साल परीक्षाएं संपन्न कराने को लेकर विभाग बजट देता था। अध्यापक इसी बजट से प्रश्नपत्र छपवाने के अलावा परीक्षा की कॉपियाें को खरीदते थे, लेकिन तीन साल बीतने को हैं विभाग ने परीक्षा को लेकर एक भी रुपया नहीं भेजा है।
अध्यापकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक बच्चे पर करीब आठ से दस रुपये का खर्च आता है। विभाग ने परीक्षा के मद में कोई भी धनराशि न देकर हम लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। अपने पास से कहां तक कार्य कराएं जाएं। शनिवार को स्कूलों की अलग अलग कक्षाओं में विभिन्न विषयों की परीक्षा संपन्न हुई।
इसमें अध्यापकों ने ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखकर बच्चों से कापियाें में उत्तर लिखने की बात कही, जिसके बाद बच्चे ब्लैक बोर्ड को देखकर प्रश्नों के उत्तर लिखते हुए दिखाई दिए। यह हाल जिले से सभी परिषदीय विद्यालयों में रहा। बता दें कि जिले में साढ़े पांच लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं जबकि 3106 विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है।
पीएस में पांच तो यूपीएस के प्रति बच्चा मिलते थे 15 रुपये
परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा संपन्न कराने को लेकर शासन की तरफ से प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए पांच रुपये प्रति बच्चे के हिसाब से धनराशि आवंटित की जाती थी, जबकि उच्च प्राथमिक और संविलियन विद्यालय के बच्चों के लिए 15 रुपये प्रति बच्चे के हिसाब से बजट दिया जाता था। लेकिन तीन साल होने को है, विभाग ने एक रुपये की धनराशि उपलब्ध नहीं कराई है।
टाट-पट्टी पर बैठकर बच्चों ने दी परीक्षा
04 एलकेएच 37
गोला गोकर्णनाथ। त्रिलोक गिरि उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर परीक्षा देते मिले। श्यामपट पर प्रश्न पत्र लिखे गए थे। शनिवार को कक्षा 2 में प्रथम पाली में गणित, कक्षा 3 में प्रथम पाली में गणित द्वितीय पाली में संस्कृत, कक्षा 4 और 5 में प्रथम पाली में हिंदी अद्वितीय पाली में संस्कृत, कक्षा 6 में प्रथम पाली में हिंदी द्वितीय पाली में संस्कृत, कक्षा 7 और 8 में प्रथम पाली में विज्ञान द्वितीय पाली में संस्कृत की परीक्षा कराई गई। संवाद
ब्लैक बोर्ड पर लिखकर बच्चों काे दिया गया प्रश्नपत्र स्रोत:संवाद