लखीमपुर खीरी। खरीफ सीजन 2026 से बीज का वितरण सारथी ऐप के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को उपकृषि निदेशक कार्यालय सभागार में बीज विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि भारत सरकार की ओर से विकसित सारथी पोर्टल (फेज-II) के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य बीज वितरण व्यवस्था को डिजिटल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाना है।
प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए डॉ. सत्यवीर सिंह ने निजी बीज विक्रेताओं को पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से सार्थी ऐप के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बीज वितरण, पंजीकरण, स्टॉक प्रविष्टि और किसानों को बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई।
बताया गया कि आगामी खरीफ सत्र 2026 में निजी बीज विक्रेताओं द्वारा बीज का वितरण ऐप के माध्यम से किया जाएगा, जिससे उसकी ऑनलाइन निगरानी संभव होगी। प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को मोबाइल एप का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, ताकि वितरण में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
जिन बीज विक्रेताओं ने प्रशिक्षण में भाग नहीं लिया है, उन्हें मोबाइल एप डाउनलोड कर उसका उपयोग शुरू करने की सलाह दी गई है। किसी भी तकनीकी जानकारी के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।