पलिया के दुधवा मार्ग पर स्थित प्राइवेट अस्पताल में लगा ताला, जिसमें से गायब हुई सील। संवाद
पलियाकलां। महिला की मौत के बाद सील किया गया पलिया के दुधवा मार्ग स्थित प्राइवेट अस्पताल बिना स्वास्थ्य विभाग की मंजूरी के ही खोल दिया गया। अस्पताल दो दिन से चोरी-छिपे संचालित हो रहा है। विभाग ने जानकारी कराकर कार्रवाई की बात कही है।
करीब चार-पांच माह पूर्व दुधवा मार्ग पर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में सिंगहिया निवासी प्रसूता की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने गलत इलाज का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मामला तोड़फोड़ तक पहुंच गया था। सूचना पर सीएचसी अधीक्षक डाॅ. भरत सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रपत्र न दिखा पाने पर अस्पताल को सील किया गया था।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, जुर्माना राशि न अदा करने के बाद भी उक्त अस्पताल शनिवार से संचालित किया जा रहा है। यहां दो मरीजों को देखा गया और उनका इलाज किया गया। अस्पताल के गेट पर बाहर से ताला मिला, लेकिन उस पर से प्रशासन द्वारा लगाई गई सील गायब मिली।
अधीक्षक डाॅ. भरत सिंह ने बताया कि दुधवा मार्ग पर स्थित सेवा अस्पताल का अब तक कोई भी प्रपत्र उनके पास सीएमओ की तरफ से नहीं आया है। न ही जुर्माना आदि के कागज मिले हैं। ऐसे में अस्पताल खोला गया है तो गलत है। मौका-मुआयना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर मामले की एसडीएम से भी शिकायत की गई है।