स्कूल में किताबों की तौल करता कबाड़ी। स्रोत वायरल वीडियोग्रैब
लखीमपुर खीरी। ब्लॉक नकहा के उच्च प्राथमिक विद्यालय रंगीलानगर का बताया जा रहा एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें सरकारी विद्यालय के कमरे में कबाड़ी किताबों की तौल करता दिख रहा है।
पास में एक महिला भी खड़ी है, जिसे स्कूल की शिक्षिका बताया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल है। सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए भेजी जाने वाली किताबें कबाड़ी तक कैसे पहुंचीं, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। किताबें पुरानी या अनुपयोगी थीं या उन्हें रद्दी में बेचा जा रहा था, इसकी जांच की जाएगी। इससे पहले पलिया ब्लॉक में भी सरकारी किताबें कबाड़ी को दिए जाने का मामला सामने आया था। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है। जांच बीईओ नकहा को सौंपी गई है। उन्होंने शुक्रवार को कार्रवाई किए जाने की बात कही।