लखीमपुर खीरी। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को भारत स्काउट एंड गाइड की जिला परिषद की बैठक डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने विद्यार्थियों से स्काउट-गाइड से जुड़कर व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया। कहा कि स्काउट एंड गाइड केवल संगठन नहीं, बल्कि बच्चों में सेवा, संस्कार, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने वाला सशक्त मंच है।
बैठक में सदस्यों और स्काउट-गाइड पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि स्काउट-गाइड के छात्र अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के प्रतीक हैं।
बैठक में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय अनुमोदन, वार्षिक आय-व्यय प्रस्तुतीकरण और वर्ष 2026-27 के प्रशिक्षण व कार्यक्रमों के अनुमोदन समेत तीन एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा हुई।
युवाओं को सेवा, नेतृत्व और कौशल विकास से जोड़ें : डीएम
भारत स्काउट एंड गाइड की बैठक के बाद डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक की। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें सही मंच, अवसर और सकारात्मक दिशा देकर समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार बनाया जा सकता है। डीएम ने कहा कि माई भारत केवल पोर्टल नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, नेतृत्व, कौशल विकास और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। सीडीओ अभिषेक कुमार ने जिले में होने वाले प्रत्येक युवा कार्यक्रम को संबंधित विभागों के सहयोग और बेहतर समन्वय से संचालित करने को कहा। युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।