पलियाकलां। नगर के बस यूनियन परिसर में बस की टक्कर से स्कूटी सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल युवक काफी देर तक परिसर में पड़ा रहा। परिजनों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद वे घायल को टेंपो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पलिया के मोहल्ला पठान सेकेंड निवासी फैजान उर्फ लल्लन (18) अपने एक साथी के साथ स्कूटी से बस यूनियन गया था। बताया जाता है कि परिसर से निकलते समय स्कूटी को पीछे से बस ने टक्कर मार दी। इससे स्कूटी चला रहा युवक और पीछे बैठा फैजान घायल हो गए। दोनों परिसर में ही पड़े रहे। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई बार 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद वे टेंपो से फैजान को लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ शिवम कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया है।
-
निर्माणाधीन पुलिया के मलबे से टकराई कार, तीन लोग घायल
निघासन। निघासन-पलिया हाईवे पर खैरहनी के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार निर्माणाधीन पुलिया के मलबे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि कार में इच्छारामपुरवा निवासी संदीप वर्मा, होलागढ़ निवासी आनंद वर्मा और कुर्मिनपुरवा निवासी पवन व आशीष वर्मा सवार थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आनंद, पवन और आशीष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि संदीप को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईवे पर पुलिया का निर्माण काफी समय से चल रहा है। निर्माण कार्य में देरी और मौके पर पड़े मलबे के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों ने संबंधित विभाग से पुलिया का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।
-
बाइक की टक्कर से अधेड़ घायल, लखनऊ रेफर
धौरहरा। महाराजनगर निवासी प्रमोद कुमार वर्मा (60) बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार को वह माधवपुरवा में मामा के घर जा रहे थे। केशवापुर गांव के बाहर सामने से तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सीएचसी धौरहरा से उन्हें जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर किया गया। एक दिन बाद हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्रमोद की बेटी माही वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि आरोपी बाइक सवार कृष्ण बिहारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद
नीलगाय से टकराकर बाइक सवार घायल
गोला गोकर्णनाथ। नीलगाय से टकराकर बाइक सवार शंकरपुर निवासी आशीष (25), विनोद (40) और पंकज (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य सड़क हादसे में सुनहरा भूड़, मैलानी निवासी फूलचंद (28) और बघमरा निवासी विपिन (42) गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को गोला सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने आशीष, पंकज और विपिन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद
-
अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गोला गोकर्णनाथ। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव निपनिया निवासी राजेश कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 अक्टूबर की शाम सात बजे उनका बेटा अंशू कुमार स्कूटी से केशवापुर बाजार से घर लौट रहा था। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में अंशू घायल हो गया और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि कार के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद