शहर के विवेक ज्ञानस्थली एकेडमी में बच्चों की वैज्ञानिक और सांस्कृतिक प्रतिभा निखारने के लिए विज्ञान मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक रघुवीर सिंह यादव ने सरस्वती पूजन कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में गणेश वंदना की प्रस्तुति मोहिनी, हर्षिता, दिव्यांशी और सृष्टि आदि ने की। टेडीबियर डांस, चायनीज डांस, डांडिया आदि विभिन्न तरह के नृत्य और कार्यक्रमों से बच्चों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत बच्चों ने विभिन्न प्रकार के स्वचालित और स्थिर मॉडलों का प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण किया। इसमें डिजिटल सेक्योरिटी सिस्टम, थेफ्ट अलार्म, आटोमेटिक स्ट्रीट लाइट, ईको सिस्टम, वाटर अलार्म, मीन्स आफ ट्रांसपोर्ट, विंड मिल आदि के मॉडल शामिल थे।
बच्चों ने मॉडलों के बारे में दर्शकों को जानकारी दी और उनके उपयोग बताए। बच्चों ने डिजिटल सिक्योरिटी सिस्टम के माध्यम से दर्शकों को बताया कि विज्ञान, किस तरह हमारे लिए वरदान है और दूसरी तरफ न्यूक्लियर पावर प्वाइंट को प्रदर्शित करते हुए बताया कि विज्ञान का दूसरा पहलू अभिशाप भी है। कीर्ति, अविनाश, अनुष्का, सर्वज्ञा, पूजा, अनुभव, अमन, अखिल, अंश आदि बच्चों ने मॉडल का सुंदर प्रस्तुतिकरण किया।
अंत में विद्यालय प्रबंधक ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए इससे बच्चों का सामाजिक और मानसिक मनोबल बढ़ता है। साथ ही उनकी प्रतिभा में निखार आती है।