लखीमपुर खीरी। जिले के एक परिषदीय पीएम श्री स्कूल में मैथ्स-साइंस गार्डेन विकसित किया जाएगा। इसके लिए एक पीएम श्री स्कूल का चयन होगा। गार्डेन में विज्ञान और गणित से जुड़े 16 तरह के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इनके जरिये विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से विषय समझने का अवसर मिलेगा।
गार्डेन में ड्रोन, सोलर सिस्टम मॉडल, ट्रैफिक टावर ट्री, डायरेक्शन टावर ट्री, डिस्टेंस मीटर मॉडल, एसएसएलवी और एआर सोलर सिस्टम चार्ट समेत अन्य मॉडल शामिल होंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान और गणित के विभिन्न सिद्धांतों को समझने के साथ व्यावहारिक ज्ञान हासिल कर सकेंगे।
चयनित स्कूल में गार्डेन तैयार होने के बाद आसपास के अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों को भी भ्रमण के लिए लाया जाएगा। इससे अधिक से अधिक बच्चों को गणित और विज्ञान की गतिविधि आधारित शिक्षा का अवसर मिलेगा।
बीएसए स्तर से होगा स्कूल का चयन
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में मैथ्स-साइंस गार्डेन तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के पीएम श्री स्कूलों में से मानकों के आधार पर उपयुक्त स्कूल का चयन किया जाएगा। इसके बाद गार्डेन विकसित कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
आदेश आने के बाद स्कूल के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। मानकों को ध्यान में रखते हुए स्कूल का चयन होगा। जल्द ही स्कूल में गार्डन का गठन किया जाएगा।
-प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए