लखीमपुर खीरी। बेहजम के प्राथमिक विद्यालय धंवरपुर में बीईओ के निरीक्षण के दौरान पूरा स्टाफ अनुपस्थित मिलने पर बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने प्रधानाध्यापिका, सहायक अध्यापक और दो शिक्षामित्रों का जुलाई में एक दिन का वेतन-मानदेय रोकने का आदेश दिया है। निरीक्षण के समय बच्चे स्कूल के बाहर शिक्षकों के आने का इंतजार कर रहे थे, जबकि सफाईकर्मी गेट पर मौजूद था।
बीएसए के मुताबिक, बीईओ ने सात मई को सुबह 8:20 बजे विद्यालय का निरीक्षण किया तो पूरा स्टाफ अनुपस्थित मिला। ग्रामीणों ने भी शिक्षकों पर मनमाने समय से स्कूल आने का आरोप लगाया। बीईओ ने शिक्षक और शिक्षामित्रों से स्पष्टीकरण मांगा था। इसके बावजूद प्रधानाध्यापिका मोहिनी मिश्रा ने मई में सभी स्टाफ को उपस्थित दिखाकर पावना लॉक कर दिया, जिससे सभी को पूरे माह का वेतन और मानदेय मिल गया। मामला संज्ञान में आने पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका मोहिनी मिश्रा, सहायक अध्यापक निशा राजपूत और शिक्षामित्र राजेश कुमार व सरिता गौतम का जुलाई में एक दिन का वेतन-मानदेय रोक दिया।