मझगईं के कोठिया जाने वाले रास्ते पर टूटे रपटा पुल से गुजरते स्कूली बच्चे।
मझगईं। कस्बा की निघासन रोड से कोठिया गांव जाने वाले जर्जर रपटा पुल पर गहरा गड्ढा हो गया है। ग्रामीण व स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर नाला पारकर स्कूल व अन्य जगहों पर जा रहे हैं। जिससे उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कस्बा की ईदगाह के आगे निघासन रोड से कोठिया गांव जाने वाले मुख्य रास्ते पर गांव से पहले झन्ना नाला पड़ता है। जिसपर कई साल पहले रपटा पुल का निर्माण कराया गया था। रपटा पुल बनने के बाद काफी राहत मिली थी, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते धीरे-धीरे रपटा पुल टूटकर जर्जर हो गया। पुल के दोनों तरफ पानी के तेज बहाव के चलते बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के समय में इन गड्ढों में पानी भर जाता है। जिससे ग्रामीणों के साथ ही स्कूली बच्चों को भी निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने इसके लिए कई बार जिम्मेदारों से पत्राचार कर पुल की मरम्मत कराने की मांग की लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने डीएम से पुल की मरम्मत कराए जाने की मांग की है। संवाद