लखीमपुर खीरी। एसबीआई लखीमपुर शाखा के मुख्य प्रबंधक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। बिना नंबर की कार से आए अज्ञात हमलावरों ने सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के नगरिया खुर्द निवासी विवेक यादव ने बताया कि वे भारतीय स्टेट बैंक की लखीमपुर शाखा में मुख्य प्रबंधक हैं। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे स्विफ्ट कार से आए लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सिर पर वार होने से वे लहूलुहान हो गए।
घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित ने बताया कि वह हमलावरों को नहीं पहचानते हैं। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच एसआई संचित यादव को सौंपी गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।