फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन का पहला सोमवार आज

विज्ञापन
विज्ञापन
गोला गोकर्णनाथ। सावन का पहला सोमवार आज है और शनिवार से ही श्रद्घालुओं और कांवड़ियों का आना शुरू हो गया है। ‘बोल बम’ और ‘बम-बम भोले’ के उद्घोष से नगर गुंजायमान हो रहा है। छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर में भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों ने रविवार शाम से ही लखीमपुर रोड के साजिद नगर, सीजीएनपीजी कॉलेज, मोहम्मदी रोड पर कंजा देवस्थान, खुटार रोड पर अहमदनगर स्थित बाबा क्लेशहरण मंदिर, बरमबाबा देवस्थान, अलीगंज रोड पर मंडी समिति, मिल यार्ड, पार्किंग स्थल सहित तीर्थ परिसर के सत्संग स्थलों, धर्मशालाओं, रोडवेज बस स्टेशन परिसर में दूरदराज से आए शिव भक्त श्रद्घालुओं ने डेरा जमा लिया है। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए शिव मंदिर परिसर में 14 प्वाइंट, 16 बैरियर, चार पार्किंग स्थल, चार रूट डायवर्जन बैरियर बनाए हैं। साथ ही मंदिर परिसर में 11 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। वहीं चार मोबाइल पार्टी तैनात की गई हैं। प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था का भले ही दावा किया है। लेकिन रविवार की शाम को मंदिर परिसर में कई जगह पर नंदी स्वच्छंद विचरण करते दिखे, साथ में ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मोबाइल फोन चलाने में मस्त दिखे।
विज्ञापन


बोल बम के जयकारों से गूंजने लगा परिसर
रविवार की शाम से ही छोटी काशी के शिव मंदिर परिसर में श्रद्घालु पहुंचने लगे और अपना डेरा जमा लिया। निघासन सिंगाही के गांव अइली निवासी रामनिवास, सुभाष, धर्मेंश, मुनेश कुमार, प्रताप, पंकज आदि की कांवड़िया टोली में बताया कि वह तीन दिन पूर्व सरयू नदी से जल लेकर चले थे। रात भर भोलेनाथ के दरबार में भजन कीर्तन करेंगे और सुबह जल चढ़ाकर घर रवाना होंगे।

जहां मिली छांव वहीं किया विश्राम
भगवान भोलेनाथ के दीवाने भक्ति में लीन होकर जब निकलते हैं तो उन्हें जहां छांव मिल जाती है वहीं डेरा जमा लेते हैं। यही हाल लखीमपुर रोड साजिद नगर में देखने को मिला, जहां श्रद्घालुओं के ट्रैक्टर, ट्राली पेड़ की छांव में खड़े थे। शिव भक्त घास पर विश्राम कर रहे थे। वहीं प्रशासन की लापरवाही देखने को मिली कि पार्किंग स्थल पर न तो गड्ढों को पाटा गया और न हीं कीचड़ साफ कराया गया। साथ ही शौच के लिए मोबाइल टॉयलेट और पानी के टैंकर भी नहीं दिखाई दिए।
विज्ञापन


सुरक्षा व्यवस्था को भेद विचरण करते नंदी
सावन माह में सुरक्षा को लेकर जगह जगह बैरिकेडिंग, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। चाक चौबंद व्यवस्था भेदकर मंदिर परिसर में बद्री धर्मशाला के पास, मंदिर बरामदे में, मुख्य मार्ग में कई स्थानों पर नंदी स्वच्छंद विचरण करते श्रद्घालुओं के हाथ में प्रसाद पर झपट्टा मारते दिखे।

झूम के निकलते हैं शिव भक्तों के जत्थे
संसारपुर। कस्बे से 16 जुलाई को हरिद्वार रवाना हुए 25 शिवभक्तों के जत्थे ने रविवार दोपहर छोटी काशी के शिवमंदिर में पूजन कर जलाभिषेक किया। शिव भक्त उत्साह से झूमते नाचते हुए ‘हर हर महादेव’, ‘जय भोले’ का उद्घोष करते हुए चल रहे थे। जिनकी शिवभक्ति देखते बन रही थी। शिवभक्त सर्वेश गुप्ता ने बताया कि वह पिछले 12 सालों से हरिद्वार से कांवड़ में जल लाकर गोला शिव मंदिर में जलाभिषेक कर रहे हैं जिससे उन लोगों का मानना है कि उनकी मनोकामना पूर्ण होती है और कांवड़ के प्रति श्रद्धा भी बढ़ जाती है। इस मौके पर रामप्रकाश त्रिवेदी, पवन शर्मा, मुकेश, पंकज, प्रेम, रामू आदि मौजूद रहे।
सावन मेले की सुरक्षा व्यवस्था में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अलग अलग प्वांइटों, बैरियर, रूट डायवर्जन प्वाइंट पर उनकी ड्यूटी लगाई गई है। मंदिर गर्भ गृह, गोकर्ण परिसर, प्रवेश द्वार, निकास द्वार, प्रमुख मार्ग, सहित विभिन्न स्थानों पर सीसी टीवी कैमरे लगा गए हैं। स्वास्थ्य टीम तैनात की गई है। जो कर्मचारी लापरवाही बरतता मिला उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -सुनंदु सुधाकरन, एसडीएम, गोला
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें