लखीमपुर खीरी। स्वच्छ सर्वेक्षण के दौर में पालिका प्रशासन शहर को साफ सुथरा रखने के लिए नगरवासियों को जागरूक कर रही है। इसके लिए दीवारों पर स्लोगन लिखवाकर नगर वासियों को साफ सफाई की नसीहत दे रही है। मगर, भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी में फैली गंदगी एवं जलभराव से उसकी ही फजीहत हो रही है। सफाई न होने से नाला चोक है। इससे गंदा पानी लोगों के घर के आगे भर गया है। गंदगी और जलभराव के कारण कॉलोनी में संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी बनने लगी है।
देश को स्वच्छ बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की है। मगर, कई साल बीतने के बाद भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी आज भी इससे अछूती है। नियमित साफ सफाई न होने से नाला चोक होकर उफना गया है। इससे गंदगी और गंदा पानी सड़क से लोगों के घर के सामने भर गया है। ऐसे में लोगों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। पालिका प्रशासन साफ सफाई बेहतर रखने के लिए भले ही तमाम दावे कर रहा है। मगर, इसकी हकीकत कांशीराम कॉलोनी की हालत बयां कर रही है।
नगर पालिका की है सफाई कराने की जिम्मेदारी
शहर में जगह न होने के कारण एक कांशीराम कॉलोनी लालपुर में और दूसरी भंसडिया में बनाई गई है। कॉलोनी की सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के लिए पालिका ने एक सफाई नायक और पांच कर्मचारी लगा रखे हैं। मगर, जिम्मेदारों की उदासीनता और कर्मचारियों की लापरवाही से कॉलोनीवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
सफाई नायक सहित पांच की तैनाती
भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी की सफाई के लिए एक सफाई नायक और पांच कर्मचारियों की तैनाती हैं। मगर, नियमित सफाई न होने से कॉलोनी में जलभराव और गंदगी का अंबार है।
कॉलोनी में सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। नाले की आज तक सफाई नहीं हुई। इसके लिए कई बार नगर पालिका में प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन सब बेकार रहा। -गोबरे लाल
कॉलोनी में घर के आगे से लेकर पीछे तक गंदा पानी भरा है। दुर्गंध के कारण कमरे में रहना तक मुश्किल है। सफाई के मामले में कॉलोनी के साथ भेदभाव हो रहा है। -प्रदीप कुमार
साफ सफाई के दावे की हकीकत यदि देखना हो तो वह कॉलोनी आकर देख सकता है। स्वच्छता के दावे तो जोर शोर से हो रहे हैं, लेकिन अमल सिर्फ कागजों तक सीमित है। -सुमन अवस्थी
गंदगी के कारण घर में रहना मुश्किल है। नाली से निकले कीड़े कमरे तक आ जा रहे हैं। सफाई को लेकर न तो नगर पालिका ध्यान दे रही है और न ही जिले के अधिकारी। -जाहिदा
स्वच्छता के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। गंदगी एवं जलभराव के बारे में जानकारी नहीं है। सोमवार को इसे दिखवाकर सफाई कराई जाएगी। -डॉ. अरुण कुमार सिंह, एसडीएम सदर