पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड प्रथम में टेंडर बिक्री में हुई धांधली से नाराज ठेकेदारों ने बुुधवार को कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ठेकेदारों को टेंडर न देने के लिए कैशियर पर आरोप लगाते हुए टेंडर प्रक्रिया को निरस्त कर दोबारा टेंडर निकालने की मांग की। इस दौरान दूसरे धड़े के ठेकेदारों ने प्रदर्शन पर विरोध जताया। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सिटी एमपी सिंह, कोतवाल जीएस पांडेय और मिश्राना चौकी इंचार्ज हंसमती ने मौके पर जाकर ठेकेदारों से बात की और ज्ञापन लिया।
प्रदर्शन कर रहे ठेकेदार राजेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को वह लोग टेंडर फार्म खरीदने के लिए कैशियर के पास पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद अराजक तत्वों ने टेंडर फार्म खरीदने नहीं दिए। आरोप है कि टेंडर संबंधित पर्चियां भी फाड़ दी गईं। विरोध करने पर अराजक तत्वों ने ठेकेदारों के साथ मारपीट और अभद्रता भी की। वहीं कैशियर ने भी अराजक तत्वों के दबाव में आकर ठेकेदारों को टेंडर फार्म नहीं दिए। इसके बाद ठेकेदारों ने मामले की जानकारी अधिशासी अभियंता निर्माण खंड प्रथम को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही कोई आश्वासन दिया गया। इससे नाराज ठेकेदारों ने बुधवार को कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगें बुलंद करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के दखल से कुछ घंटों के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया। धरने में रवि प्रकाश, आनंद सिंह, मुनीश तिवारी, दिनेश कुमार, शिवकुमार वर्मा, बृजकिशोर, शमशेर, ललित कुमार सिंह आदि शामिल रहे।