लखीमपुर खीरी। आंधी से बेपटरी हुई शहर की बिजली व्यवस्था शहर के आधे मोहल्लों में सुचारू नहीं हुई है। इससे नाराज सदर विधायक योगेश वर्मा शनिवार की देर रात अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मोहल्ला राजगढ़ पहुंचे और सीतापुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर जाम लगा दिया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। एक से डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने किसी तरह यातायात सामान्य कराया।
आंधी के दौरान बृहस्पतिवार की रात शहर में कई जगहों पर खंभे गिरने के साथ तार टूट गए थे। 24 घंटे तक तमाम मोहल्लों में न तो बिजली आई और न ही पेयजल आपूर्ति। 72 घंटे बीत जाने के बाद भी मोहल्ला राजगढ़ में बिजली व्यवस्था दुरूस्त नहीं हुई। लोगों ने सदर विधायक योगेश वर्मा से शिकायत की तो वह समर्थकों के साथ सड़क जाम करने पहुंच गए। मार्ग जाम होने से स्टेशन रोड से लेकर गुरुनानक इंटर कॉलेज तक लंबा जाम लग गया। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने विधायक को समझाया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
विधायक पर हमले की उड़ी अफवाह
विधायक योगेश वर्मा समर्थकों के साथ देर रात करीब 11 बजे छाउछ पावर हाउस पहुंचे। उन्होंने बिजली कर्मियों से बिजली आने को लेकर वार्ता की। बताते हैं कि वहां पहले से एक हिस्ट्रीशीटर बैठा था। विधायक को देख वह बाहर निकलने लगा। उसे देख तंज कसा तो वह नाराज हो गया। इसके बाद वह तमंचा लेकर पावर हाउस पहुंचा, लेकिन उसे भगा दिया गया। इस दौरान विधायक पर हमले की बात उड़ी, लेकिन विधायक का कहना है कि कोई गलत खबर फैला रहा है। हमला नहीं हुआ है।