नगर के सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज में चल रहे योग्यता पर्व पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभा दिखाई। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.इरा श्रीवास्तव और जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान गणेश और मां सरस्वती की वंदना की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत अनोखा देश कार्यक्रम किया। इसके अलावा स्वच्छता और नाटक मंचन के माध्यम से देश की ज्वलंत समस्या बेरोजगारी दिखाकर तालियां बटोरीं।
यहां कक्षा 10 और 12 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। यहां प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी विद्यार्थी सिमरन चौरसिया कक्षा 12 को और आल राउंड परफारमेंस सम्मान वैष्णवी को दिया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में सर्व श्रेष्ठ मॉडल बनाने वाले कक्षा 11 के विद्यार्थी विभोर भारद्वाज को विज्ञान रत्न पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा खेल सप्ताह में हुई प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
यहां अतिथियों ने विद्यार्थियों के कार्यक्रमों की सराहना की। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक प्रेमशंकर सेठ और संचालक विशाल सेठ ने विद्यालय के स्टाफ को भी सम्मानित किया। यहां गुरुवार को बाल मेले का आयोजन किया जाएगा।