लखीमपुर खीरी के पलिया देहात ब्लॉक के समीप मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों के पास एक विशालकाय सांप दिखाई दिया। स्थानीय लोग शुरुआत में उसे अजगर समझ बैठे और खुद ही पकड़ने का प्रयास करने लगे। हालांकि गनीमत रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं घटी और लोग समय रहते किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। दरअसल, यह सांप अजगर नहीं, रसेल वाइपर था, जो बेहद जहरीला होता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलिया के समाजसेवी सूरज मिश्रा और आलोक दुबे को तुरंत सूचना दी गई। उन्होंने बिना समय गंवाए वन्यजीव रक्षक रामगोविंद को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर जब टीम ने मुआयना किया तो पांच फीट से भी अधिक लंबा रसेल वाइपर देखकर सभी दंग रह गए। रसेल वाइपर देश के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है।