संसारपुर। किशनपुर निवासी सुरेश अपनी बेटी के ऑपरेशन के लिए रुपये निकालने बैंक पहुंचे, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। ऐसा ही हाल कस्बे के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में इन दिनों देखने को मिल रहा है, जहां कैश की किल्लत ने खाताधारकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बैंक में पैसे निकालने आने वाले ग्राहकों को या तो कैश न होने की बात कहकर बैंक की तरफ से लौटा दिया जा रहा है या फिर सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद भी निराशा हाथ लग रही है। कई दिनों से बैंक में पर्याप्त नकदी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
बृहस्पतिवार को अंगदपुर निवासी जहीर खान बेटे की शादी के लिए, चौरिया निवासी राजेंद्र प्रसाद खाद की खरीदने के लिए, भरिगवां निवासी रामनरेश यादव दवा लेने के लिए और संसारपुर निवासी मधुबाला गुप्ता घरेलू जरूरतों के लिए रुपये निकालने पहुंचीं, लेकिन बैंक में मौजूद एकमात्र कर्मचारी ने कैश खत्म होने की जानकारी दी। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्हें रुपयों के लिए उन्हें कई-कई बार आना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें परेशानी हो रही है।
शाखा प्रबंधक अभीमीत गुप्ता ने बताया कि वे कैश की व्यवस्था के लिए गोला गए हैं। उच्च स्तर से पर्याप्त नकदी नहीं मिलने के कारण यह समस्या बनी हुई है। जल्द ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।