लखीमपुर खीरी। वाहन स्वामियों को राहत देने के लिए परिवहन विभाग ने चैट बॉट सर्विस शुरू की है। चैट बॉट सर्विस से वाहन स्वामियों को एआरटीओ दफ्तर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उनको मोबाइल पर घर बैठे सभी प्रकार की जानकारी चंद सेकंड में मिल सकेंगी। इसके लिए विभाग ने 8005441222 नंबर जारी किया है।
ड्राइविंग लाइसेंस कैसे बनेगा, कितना टैक्स बकाया, वाहन ट्रांसफर कैसे होगा, कौन-कौन से दस्तावेज लगेंगे। वाहन पंजीकरण की क्या प्रक्रिया है। ड्राइविंग लाइसेंस कब तक घर आएगा आदि परिवहन से संबंधित जानकारी आपको चैट बॉट सर्विस के माध्यम से घर बैठे मिल जाएंगी। इससे आवेदकों को एआरटीओ कार्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आवेदक को अपने मोबाइल में 8005441222 नंबर सेव करना होगा। इसके बाद आवेदक को अपने कार्य के संबंध में सवाल करना होगा। चैट बॉट सर्विस के माध्यम से चरणवार जानकारी साझा होगी। इस नंबर के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी हो, इसको लेकर विभागीय स्तर से प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।
अभी तक वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदक दुकानदार के सहारे रहते हैं। उनके रुपये व समय दोनों का नुकसान होता है, लेकिन चैट बॉट सर्विस से पूरी प्रक्रिया की जानकारी लेकर स्वयं ही रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। एआरटीओ अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि इसका प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। आवेदक को विभाग की बार-बार दौड़ लगानी नहीं पड़ेगी।