लखीमपुर खीरी। जिले में भले ही पर्याप्त डीजल-पेट्रोल उपलब्ध है, लेकिन अचानक मांग बढ़ने से व्यवस्थाएं लड़खड़ा गईं। कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने से लोग मायूस लौटे, जबकि कुछ पंपों पर भीड़ अधिक होने के कारण वितरण पर लिमिट तय करनी पड़ी। किसान बड़ी-बड़ी केन लेकर डीजल लेने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। हालांकि, कुछ पंपों पर सामान्य स्थिति भी रही।
पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों के चलते बाजार में चर्चाएं तेज रहीं। कुछ लोगों ने स्टॉक करना शुरू कर दिया। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि कालाबाजारी या भंडारण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में 2454 किलोलीटर डीजल और 1993 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। 1100 किलोलीटर डीजल व 500 किलोलीटर पेट्रोल और आने वाला है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
डीजल 60 तो पेट्रोल की 66 प्रतिशत बढ़ी बिक्री
अफवाह के चलते पेट्रोल-डीजल की बिक्री में अचानक उछाल आया। सामान्य दिनों में बुधवार को 633 किलोलीटर डीजल बिका था, जबकि बृहस्पतिवार को 1055 किलोलीटर डीजल की बिक्री हुई, जो करीब 60 प्रतिशत अधिक है। पेट्रोल की बिक्री बुधवार को 303 किलोलीटर से बढ़कर बृहस्पतिवार को 453 किलोलीटर पहुंच गई। शुक्रवार को यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
50 से 500 रुपये तक की लगी लिमिट
व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई पंपों पर लिमिट तय की गई। शहर के संकटा देवी पंप पर पेट्रोल 200 रुपये और रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पंप पर 500 रुपये तक सीमित कर दिया गया। नौरंगाबाद पंप दो दिनों से बंद है। खीरी टाउन में बृहस्पतिवार रात केवल एक लीटर पेट्रोल दिया जा रहा था। भीखमपुर के लक्ष्मी पंप पर बाइक में 50 रुपये और डीजल 1000 रुपये तक दिया गया। भीड़ अधिक होने पर पुलिस बुलानी पड़ी। निघासन के गिरी पंप पर डीजल खत्म हो गया, जबकि कुछ पंपों पर केवल पेट्रोल ही उपलब्ध रहा। दीक्षित फिलिंग स्टेशन, जिओ पंप, इंद्रावती फिलिंग स्टेशन सहित कुछ जगहों पर स्थिति सामान्य रही।
-
रात दो बजे तक चलता रहा वितरण
जिले के 286 पेट्रोल पंपों पर बृहस्पतिवार को शाम चार बजे के बाद अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। कई पंपों पर एक-दो घंटे में ही स्टॉक खत्म हो गया, जबकि कई जगह रात दो बजे तक डीजल-पेट्रोल की लाइनें लगी रहीं। केशवापुर के नायरा पंप पर डीजल तीन रुपये और पेट्रोल पांच रुपये महंगा हो गया। खमहौल पंप पर टैंकर से तेल निकालते समय ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
-
अफवाह से बचें, जरूरत भर ही लें ईंधन : प्रशासन व डीलर्स की अपील
जिलाध्यक्ष खीरी पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन अभिषेक दीक्षित ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, जिले में डीजल-पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि अचानक भीड़ बढ़ने से कुछ दिक्कतें जरूर आई हैं, लेकिन हालात सामान्य हैं और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेना चाहिए। वहीं एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर ने भी स्पष्ट किया कि कालाबाजारी या जमाखोरी की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और अनावश्यक स्टॉक करने से बचना चाहिए।
गोला में साईं फिलिंग स्टेशन पर ट्रैक्टर-ट्राॅली में ड्रम लेकर डीजल लेने की आपाधापी। संवाद
गोला में साईं फिलिंग स्टेशन पर ट्रैक्टर-ट्राॅली में ड्रम लेकर डीजल लेने की आपाधापी। संवाद
गोला में साईं फिलिंग स्टेशन पर ट्रैक्टर-ट्राॅली में ड्रम लेकर डीजल लेने की आपाधापी। संवाद