लखीमपुर खीरी। दुधवा नेशनल पार्क के थारू हट में शराब पीकर मस्ती और हंगामा करना वन निगम के डिवीजनल लॉगिन मैनेजर(डीएलएम) यशपाल सिंह को भारी पड़ गया। दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक की संस्तुति पर वन निगम के प्रबंध निदेशक ने डीएलएम को को निलंबित कर दिया है।
पार्क सूत्रों के मुताबिक, 24 दिसंबर को क्रिसमस की पूर्व संध्या पर लखीमपुर के डिवीजनल लॉगिन मैनेजर (डीएलएम) यशपाल सिंह अपने दोस्तों के साथ छुट्टी मनाने दुधवा नेशनल पार्क पहुंचे थे। उनके आग्रह पर रेंजर ने उनके लिए थारू हट संख्या 11 और 12 को खुलवा दिया। कुछ ही देर बाद इन थारू हटों में शराब के दौर चलने लगे। बाद में जोर-जोर से आवाजें आनी शुरू हो गईं। इससे पास में ठहरे अन्य सैलानी परेशान हो गए। उन्होंने इसकी शिकायत कर्मचारियों से की।
कर्मचारियों ने थारू हट संख्या 11 में जाकर डीएलएम से शोर मचाने के लिए मना किया। कहा इससे दूसरे सैलानियों को परेशानी हो रही है। इस पर डीएलएम ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। कर्मचारियों की इसकी जानकारी रेंजर विमलेश कुमार को दी। रेंजर ने भी उनसे शांत रहने का आग्रह किया। रेंजर की हिदायत नशे में धुत डीएलएम को नागवार गुजरी और उन्होंने रेंजर से भी अभद्रता करनी शुरू कर दी।
इस पर रेंजर ने वहां चल रही गतिविधियों की वीडियो बनवा ली और मामले की रिपोर्ट वीडियो समेत उपनिदेशक डॉ. रंगाराजू टी के माध्यम से फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक को सौंप दी। फील्ड डायरेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट वन निगम के उच्चाधिकारियों को भेज दी।
एफडी ने बताया कि डीएलएम का कृत्य वन नियमों के विपरीत था। फील्ड डायरेक्टर ने वन निगम के प्रबंध निदेशक से कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इस मामले में वन निगम के प्रबंध निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने डीएलएम यशवंत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने डीएलएम के निलंबन की पुष्टि की है।