लखीमपुर खीरी। अब पात्र गृहस्थी और अंत्योदय राशनकार्ड धारकों को अगले एक साल तक राशन की दुकानों से बिना कोई मूल्य दिए पूर्व में निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल मिलेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि सचिव खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, उपभोक्ता मामले भारत सरकार ने पत्र के जरिए अवगत कराया है कि उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए अब 31 दिसंबर 23 तक सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत निशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत महीने में दूसरी बार मुफ्त खाद्यान्न वितरित करने की योजना को समाप्त कर एक ही बार निशुल्क राशन देने का निर्णय लिया गया है। पहले दो रुपया प्रति किलो गेहूं और तीन प्रतिकिलो की दर से चावल उपलब्ध कराया जाता था। अब इसके लिए राशनकार्ड धारक को कोई मूल्य नहीं देना होगा। संवाद